36 नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र, सीएम धामी ने दिया जनसेवा और पारदर्शिता का मंत्र

देहरादून (देहरादून)। सत्य संवाद 24×7। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करने की नसीहत दी। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियां भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी सफलता को प्रदेश की अन्य युवतियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

जनता को तहसीलों के चक्कर न काटने पड़ें

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व प्रशासन की जिम्मेदारी सीधे आमजन की जमीन, आजीविका और अधिकारों से जुड़ी है। इसलिए नवनियुक्त अधिकारी लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करें। तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात धैर्यपूर्वक सुनी जाए और उसे जरूरी दस्तावेजों व निर्धारित प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दी जाए।

उन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार तहसील न आना पड़े।

राजस्व मामलों में संवेदनशीलता जरूरी

धामी ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का निस्तारण पूरी सावधानी और संवेदनशीलता से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान के लिए जमीन केवल संपत्ति नहीं, बल्कि उसके परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। ऐसे में अधिकारियों को हर मामले में निष्पक्षता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।

आपदा प्रभावितों को समय पर मिले राहत

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन में राजस्व अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। आपदा से हुए नुकसान का सही और समयबद्ध आकलन किया जाना जरूरी है, ताकि प्रभावित परिवारों तक नियमानुसार राहत जल्द पहुंचाई जा सके।

भ्रष्टाचार और सिफारिश के दबाव से दूर रहने की हिदायत

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी को दबाव, सिफारिश या प्रलोभन में आए बिना नियमों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लेना चाहिए। बिना सिफारिश के आने वाले व्यक्ति का जायज काम भी पूरी तत्परता से होना चाहिए।

उन्होंने सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को कार्यशैली में शामिल करने पर जोर दिया। साथ ही प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और आवेदनों की स्थिति की जानकारी नागरिकों को स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराने की बात कही।

पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को मिली नौकरी

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की मेहनत और भविष्य की रक्षा के लिए राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से पद की गरिमा बनाए रखते हुए पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता से काम करने का आह्वान किया।

मुख्य सचिव ने भी दी जनसेवा की सीख

कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने की सोच के साथ काम करना चाहिए। खासकर उन लोगों के प्रति उनकी जिम्मेदारी अधिक है, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक है।

इस अवसर पर सचिव राजस्व एसएन पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त