अंडरपास की मांग पर रुद्रपुर कलेक्ट्रेट में बेहड़ का धरना, SDM को लौटाया

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। किच्छा और नगला क्षेत्र में रेलवे अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ ने रुद्रपुर कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया। बैरिकेडिंग और भारी पुलिस बल की तैनाती देखकर विधायक नाराज हो गए और समर्थकों के साथ गेट पर ही बैठ गए। उन्हें मनाने पहुंचे एसडीएम हिमांशु कफलटिया को बिना वार्ता किए वापस लौटना पड़ा। विधायक ने स्पष्ट कहा कि प्रशासन को बातचीत करनी है तो धरना स्थल पर आकर करे।

बैरिकेडिंग देखकर जताई नाराजगी

विधायक बेहड़ ने नगला और किच्छा क्षेत्र में रेलवे अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर 25 नवंबर को कलेक्ट्रेट में धरने का ऐलान किया था। तय कार्यक्रम के अनुसार वह समर्थकों के साथ रुद्रपुर पहुंचे, लेकिन मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग और भारी पुलिस व्यवस्था देखकर नाराज हो गए। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट के बाहर दरी बिछाकर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

SDM को धरना स्थल से ही वार्ता की शर्त

धरने की सूचना पर एसडीएम हिमांशु कफलटिया विधायक से बातचीत करने पहुंचे। हालांकि, विधायक ने कलेक्ट्रेट के भीतर जाकर वार्ता करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को बात करनी है तो धरना स्थल पर आकर करे। इसके बाद एसडीएम को वापस लौटना पड़ा।

नगला-जवाहरनगर के लिए अंडरपास की मांग

विधायक बेहड़ लंबे समय से नगला से जवाहरनगर को जोड़ने के लिए रेलवे स्टेशन के आगे अंडरपास निर्माण की मांग उठा रहे हैं। रेलवे की कथित उदासीनता के विरोध में उन्होंने पहले रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया था। इस दौरान डीआरएम के नाम चूड़ियां भेजकर विरोध भी जताया था।

महाराणा प्रताप चौक पर भी अंडरपास की मांग

विधायक की दूसरी प्रमुख मांग किच्छा के महाराणा प्रताप चौक स्थित रेलवे फाटक पर अंडरपास निर्माण की है। उनका कहना है कि फाटक बंद होने से यहां अक्सर जाम लगता है। इससे पुरानी मंडी, श्री सनातन धर्म मंदिर, गुरुद्वारा साहिब, श्री साईं मंदिर और शिव मंदिर जाने वाले लोगों को परेशानी होती है।

विधायक के अनुसार, रेलवे और प्रशासन के साथ लगातार वार्ता के बावजूद पिछले दो वर्षों से अंडरपास निर्माण की मांग पर ठोस प्रगति नहीं हुई है। इसी के विरोध में उन्होंने धरना शुरू किया है।

कांग्रेस नेताओं ने दिया समर्थन

धरने में कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा, संजय जुनेजा, बलवंत अरोरा, किच्छा पालिकाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, भूपेंद्र चौधरी, एनयू खान, अफजाल शेरी, विमल कुमार भारती, नितिन शर्मा, विनोद कोरंगा, सईदुल रहमान, रणजीत सिंह राणा, राजेंद्र मिश्रा, दलजीत खुराना, शिशुपाल सिंह, विजय यादव, प्रांजल गाबा और गुल मोहम्मद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त