फरह (मथुरा)। सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के फरह स्थित गऊ-ग्राम परखम पहुंचे। यहां उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौ संरक्षण को ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से जोड़ते हुए इसके व्यापक महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान से संबंधित एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय तथा आवासीय परिसर का शिलान्यास भी किया।
गौ संरक्षण से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से है। उन्होंने गौ सेवा को आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और चिकित्सा से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
हरिपुर-कालसी को धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र बनाने की योजना
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के हरिपुर-कालसी क्षेत्र के विकास को लेकर भी सरकार की योजना साझा की। उन्होंने कहा कि मां यमुना देवभूमि उत्तराखंड और ब्रजभूमि को आपस में जोड़ती हैं। हरिपुर-कालसी में मां यमुना का भव्य घाट बनाया गया है और उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है।
उन्होंने बताया कि सरकार का प्रयास हरिपुर-कालसी को प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करना है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी पहुंचकर मां यमुना की आरती में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
