काशीपुर में सीएम धामी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश

काशीपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जनपद भ्रमण के दौरान काशीपुर पहुंचकर अस्थायी हेलीपैड पर मौजूद आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका त्वरित एवं सकारात्मक निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जनशिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई के निर्देश

Advertisement

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर उसका समयबद्ध और सकारात्मक निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्या पर की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रशासन के प्रति लोगों का भरोसा बना रहे।

स्थानीय स्तर पर मिले लोगों को राहत

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रयास है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही त्वरित राहत मिल सके।

बांके गोयनका के आवास पर वैवाहिक समारोह में हुए शामिल

जनसमस्याएं सुनने के बाद मुख्यमंत्री काशीपुर निवासी बांके गोयनका के आवास पहुंचे। यहां उनके पुत्र के वैवाहिक समारोह में शामिल होकर उन्होंने नवविवाहित वर-वधू को सुखद एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए परिवारजनों को भी बधाई दी।

इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दर्जा राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह नामधारी, मंजीत सिंह, फरजाना बेगम, सीमा चौहान, राम मेहरोत्रा, राजेश कुमार, गुरविंदर सिंह चंडोक, चौधरी खिलेन्द्र सिंह, यशपाल राजहंस, गौरव शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, एसपी स्वपन कुमार और संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त