रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए मटकोटा बिजलीघर से जुड़े इलाकों में पुरानी विद्युत लाइनों को बदलने का काम शुरू हो गया है। विधायक शिव अरोरा ने आवास विकास क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट की कवर कंडक्टर इंसुलेटेड वायर लगाने के कार्य का शुभारंभ कराया। विद्युत विभाग के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में काम शुरू किया गया।
पांच प्रमुख क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
इस योजना के तहत ट्रांजिट कैंप, शिवनगर, आवास विकास, जगतपुरा और मुखर्जी नगर सहित मटकोटा बिजलीघर से जुड़े अन्य क्षेत्रों में नई कवर वायर बिछाई जाएगी। विधायक शिव अरोरा ने बताया कि विद्युत विभाग ने आवास विकास से काम शुरू कर दिया है। अगले 15 से 20 दिनों में सभी संबंधित क्षेत्रों में कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्पार्किंग और बिजली फॉल्ट की समस्या होगी कम
विधायक के अनुसार, सामान्य विद्युत तारों की तुलना में कवर कंडक्टर इंसुलेटेड वायर अधिक सुरक्षित और टिकाऊ होती है। इसके इस्तेमाल से तारों के आपस में टकराने से होने वाली स्पार्किंग और आग लगने की आशंका कम होगी। साथ ही बार-बार बिजली फॉल्ट और शटडाउन की समस्या में भी कमी आने की उम्मीद है।
बेहतर बिजली आपूर्ति पर जोर
शिव अरोरा ने कहा कि पुरानी और कम क्षमता वाली विद्युत लाइनों के कारण इन क्षेत्रों में लंबे समय से समस्याएं सामने आ रही थीं। इसी को देखते हुए नई वायर लगाने का प्रस्ताव रखा गया था। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और सुरक्षा प्राथमिकता है और क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में विद्युत विभाग के एसडीओ अन्नू अरोरा, जेई कुलदीप कुमार, पार्षद राजेश जग्गा, राधेश शर्मा, नामित पार्षद नरेश उप्रेती, राजेश कामरा, राजीव कामरा और नितेश गुप्ता सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
