रुद्रप्रयाग। सत्य संवाद 24×7।रुद्रप्रयाग, 22 नवंबर 2026। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के जखोली क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अर्जुन बैंड के समीप शादी समारोह में शामिल होने जा रहा इको वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में वाहन चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
शादी समारोह में जा रहा था वाहन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि कोतवाली रुद्रप्रयाग की चौकी जखोली क्षेत्रांतर्गत अर्जुन बैंड के पास एक वाहन खाई में गिर गया है।
दुर्घटनाग्रस्त इको वाहन संख्या UK13TA-4410 ग्राम कुरछोला से जखनोली की ओर शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान अर्जुन बैंड के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन गहरी खाई में जा गिरा।
SDRF, DDRF और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र एवं पुलिस कंट्रोल रूम सक्रिय हो गए। तत्काल एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू टीमों ने खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
इस दुर्घटना में वाहन चालक सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
हादसे में इन तीन लोगों की हुई मौत
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- विजय सिंह पंवार उर्फ नत्थू (41 वर्ष) पुत्र स्व. फते सिंह, निवासी ग्राम कुरछोला, तहसील जखोली। (वाहन चालक)
- बसंती देवी (52 वर्ष) पत्नी कार्तिक, निवासी ग्राम तैला, जिला रुद्रप्रयाग।
- सुनीता देवी (35 वर्ष) पत्नी भरत सिंह, निवासी ग्राम तैला, जिला रुद्रप्रयाग।
पांच लोग घायल, एक की हालत गंभीर
हादसे में घायल पांच लोगों का विवरण इस प्रकार है—
- सतपाल सिंह, पुत्र सुंदर सिंह, निवासी ग्राम कुनियाली को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग रेफर किया गया है।
- शिवानी (15 वर्ष) पुत्री शूरवीर सिंह, निवासी ग्राम कुरछोला।
- दिव्यांशी (13 वर्ष) पुत्री राकेश सिंह रावत, निवासी ग्राम कुरछोला। दोनों का उपचार सीएचसी जखोली में चल रहा है।
- अंजलि (26 वर्ष) निवासी जखोली बड़मा।
- सुमीता, पत्नी सतपाल, निवासी ग्राम कुनियाली।
हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर
शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से क्षेत्र में शोक की लहर है। हादसे में तीन लोगों की जान जाने और पांच लोगों के घायल होने से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। पुलिस एवं रेस्क्यू टीमों ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
