काशीपुर में अवैध डिजिटल एक्सचेंज का भंडाफोड़, 21 दिन में 45,453 कॉल! STF ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

काशीपुर/देहरादून,सत्य संवाद 24×7। उत्तराखंड एसटीएफ ने काशीपुर में NS Enterprise के नाम से संचालित संदिग्ध कॉल सेंटर और डिजिटल एक्सचेंज का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में SIP कनेक्शन के जरिए अंतरराष्ट्रीय कॉल गेटवे बाईपास और रोबो कॉलिंग किए जाने की आशंका जताई गई है। तकनीकी इनपुट के अनुसार, महज 21 दिनों में इस नेटवर्क से 45,453 आउटगोइंग कॉल किए गए।

एसटीएफ की साइबर क्राइम कुमाऊं यूनिट ने दूरसंचार विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई कर मौके से कंप्यूटर, जियो व एयरटेल राउटर, SETU VTEP उपकरण, मोबाइल फोन, पेन ड्राइव और अन्य नेटवर्किंग उपकरण बरामद किए हैं।

Advertisement

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नईमुद्दीन निवासी मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और दूरसंचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

जांच के दौरान कंप्यूटर सिस्टम में Linux आधारित वर्चुअल मशीन, FreePBX लॉगिन, रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर और SSH क्लाइंट से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। व्हाट्सएप चैट में SIP ट्रंक और इंटरनेट कनेक्शन से संबंधित बातचीत भी सामने आई है।

एसटीएफ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और डिजिटल लॉग का विश्लेषण कर नेटवर्क के संचालन तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पिछले एक माह में अवैध टेलीकॉम सेटअप से जुड़े तीन मुकदमों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

एसटीएफ ने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करने या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराने की अपील की है।

सत्य संवाद 24×7 | सच के साथ, हर वक्त