कैंची धाम के पास दर्दनाक हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरी बरेली के युवकों की कार; चालक की मौत, चार घायल

भवाली (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। कैंची धाम के समीप निगलाट क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बरेली से आए पांच लोगों की कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कार चालक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

SDRF और पुलिस ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की खैरना पोस्ट से रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे चारों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।

Advertisement

29 वर्षीय अनुज तिवारी की हादसे में मौत

हादसे में जान गंवाने वाले कार चालक की पहचान 29 वर्षीय अनुज तिवारी के रूप में हुई है। वह बरेली के ग्राम शेखपुर का निवासी था। रेस्क्यू टीम ने उनका शव भी खाई से बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

चार घायलों की पहचान

दुर्घटना में घायल हुए लोगों की पहचान सनी (23), रवि, संचित और संदीप शर्मा के रूप में हुई है। सभी बरेली, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं।

फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त