हल्द्वानी में बाल यौन शोषण का गंभीर मामला, साइबर टिपलाइन की 11 शिकायतों पर FIR; डिजिटल उपकरणों से अहम साक्ष्य मिलने का दावा

हल्द्वानी, 27 अक्टूबर 2026। सत्य संवाद 24×7।उत्तराखंड के हल्द्वानी में बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। नैनीताल पुलिस के अनुसार, साइबर टिपलाइन से मिली 11 शिकायतों के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी की पहचान करते हुए उसके घर से दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट, एक लैपटॉप और एक खाली मोबाइल बॉक्स बरामद किया है।

डिजिटल उपकरणों की जांच में आपत्तिजनक सामग्री मिलने का दावा

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, बरामद डिजिटल उपकरणों की जांच में बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक फोटो-वीडियो और अश्लील सामग्री की सर्च व डाउनलोड हिस्ट्री मिली है। जांच में यह आरोप भी सामने आया है कि आरोपी ने इंटरनेट से ऐसी सामग्री डाउनलोड की तथा पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग बच्चे का कथित यौन शोषण कर उसका वीडियो बनाया और इंटरनेट पर अपलोड किया।

पुलिस के अनुसार, कथित घटना के समय आरोपी भी नाबालिग था। मामले में सभी आरोपों की जांच और साक्ष्यों का परीक्षण कानूनी प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है।

पॉक्सो और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

इस मामले में एफआईआर संख्या 373/2026 के तहत पॉक्सो एक्ट की धारा 14/15 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(B) में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान को सौंपी गई है।

पुलिस ने पीड़ित बच्चे और उसके परिजनों की काउंसलिंग भी कराई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

अभिभावकों से बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने की अपील

नैनीताल पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों के मोबाइल और इंटरनेट इस्तेमाल पर ध्यान दें। बच्चों से खुलकर बातचीत करें और उन्हें सुरक्षित व असुरक्षित व्यवहार के बारे में जागरूक करें।

पुलिस ने कहा है कि ऑनलाइन शोषण या किसी अनुचित गतिविधि की आशंका होने पर तत्काल सूचना दें। साइबर अपराध से संबंधित शिकायत के लिए www.cybercrime.gov.in और आपात स्थिति में 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

सत्य संवाद 24×7 — सच के साथ, हर वक्त।