रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। जनपद में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने 26 नवंबर 2026 की देर रात 12:30 बजे पुलिस लाइन स्थित मीटिंग हॉल में समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों को पुलिसिंग की प्राथमिकताओं से अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसएसपी ने अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और आमजन की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे निगरानी के निर्देश
एसएसपी ने जनपद में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने और पहले से लगे कैमरों की 24 घंटे प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी व्यवस्था का उपयोग अपराधों की रोकथाम और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान के लिए प्रभावी ढंग से किया जाए।
पुलिस की मौजूदगी और जवाबदेही पर जोर
सभी थाना और चौकी प्रभारियों को पुलिस की भौतिक उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा पुलिस प्रेजेंस को प्रभावी ढंग से दर्ज करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ना चाहिए और अपराधियों में कानून का भय बना रहना चाहिए।
संवेदनशील मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि संवेदनशील मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक प्रकरण में तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने थाना और चौकी पहुंचने वाले पीड़ितों एवं फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनने तथा उनका निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा।
महिला-बाल अपराध और गुमशुदगी के मामलों को प्राथमिकता
महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराधों में प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही गुमशुदगी के मामलों में तत्काल जांच शुरू कर लापता व्यक्तियों की शीघ्र तलाश और बरामदगी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
वर्दी और अनुशासन में लापरवाही नहीं होगी स्वीकार
एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी धारण करने तथा विभाग की गरिमा और अनुशासन के अनुरूप आचरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई कर जनपद में कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने को कहा।
बैठक के अंत में एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि बेहतर पुलिसिंग, आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और अपराध नियंत्रण पुलिस की प्राथमिकताएं हैं। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करें।
न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
