उत्तराखंड की आध्यात्मिक ऊर्जा पूरे देश को मिलती है : मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर

खटीमा (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए कहा कि इस पवित्र धरती से पूरे देश को आध्यात्मिक ऊर्जा मिलती है। खटीमा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने उत्तराखंड के महत्व और दोनों राज्यों के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर विचार रखे।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उत्तराखंड में बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे चार धाम स्थित हैं। इसके साथ ही कैलाश मानसरोवर यात्रा का मार्ग भी इसी क्षेत्र से होकर आगे बढ़ता है। उन्होंने मध्य प्रदेश की ओर से उत्तराखंड के सभी लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Advertisement

धार्मिक पर्यटन के लिए बनेंगे संयुक्त प्रकल्प

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और विभिन्न राज्यों की सरकारें जनकल्याण के साथ धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही हैं। श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में बाबा महाकाल सहित अनेक प्रमुख धार्मिक स्थल हैं। ऐसे में उत्तराखंड और मध्य प्रदेश के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई संयुक्त प्रकल्प विकसित किए जा सकते हैं। इससे दोनों राज्यों के धार्मिक स्थलों के बीच पर्यटन और आपसी सहयोग को नई दिशा मिल सकती है।

सीएम धामी के कार्यों की सराहना

डॉ. यादव ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सराहना करते हुए कहा कि वह कुशलता से जनकल्याणकारी कार्यों में जुटे हुए हैं। उन्होंने सीएम धामी को बधाई देते हुए प्रदेशवासियों को दीपावली, छठ पूजा और नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण से ही संगठन और सरकार मजबूत होते हैं।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त