देहरादून, सत्य संवाद 24×7।उत्तराखंड को नया राज्यपाल मिल गया है। लोकभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने राज्यपाल पद की शपथ ली। उत्तराखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के स्थान पर डॉ. बिसेन ने राज्यपाल की जिम्मेदारी संभाल ली।
वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ शुरू हुआ समारोह
शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति संबंधी अधिपत्र पढ़कर सुनाया। निर्धारित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने राज्यपाल पद की शपथ ली और आधिकारिक रूप से कार्यभार संभाला।
गुरमीत सिंह की जगह संभाली जिम्मेदारी
डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लिया है। गुरमीत सिंह ने पांच वर्ष से अधिक समय तक उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में सेवाएं दीं। उनके कार्यकाल के बाद अब राज्य की संवैधानिक जिम्मेदारी डॉ. बिसेन को सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री धामी समेत कई प्रमुख लोग रहे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य सरकार के कई कैबिनेट मंत्री और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समारोह के दौरान नए राज्यपाल के कार्यभार संभालने के साथ राज्य के संवैधानिक नेतृत्व में बदलाव की औपचारिक प्रक्रिया पूरी हुई।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन के राज्यपाल पद संभालने के बाद अब प्रदेश में उनके आगामी कार्यकाल और संवैधानिक दायित्वों को लेकर नजरें रहेंगी।
सत्य संवाद 24×7
