शीतलहर से निपटने की तैयारी तेज, अलाव और रैन-बसेरों की व्यवस्था के निर्देश; कोहरे में वाहनों पर लगेंगे रिफ्लेक्टर

रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। सर्दी और शीतलहर के संभावित असर को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में अलाव, रैन-बसेरों, स्वास्थ्य सुविधाओं और कोहरे के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए।

रैन-बसेरों में बिस्तर, पानी और अलाव की व्यवस्था

जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों को निर्देश दिए कि स्थायी और अस्थायी रैन-बसेरों में बेसहारा लोगों के लिए बिस्तर, पेयजल, शौचालय और ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। प्रत्येक रैन-बसेरे में कर्मचारियों की तैनाती भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले स्थानों के आसपास अलाव जलाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए पहले से चिह्नित स्थानों के अलावा जरूरत के अनुसार नए स्थल भी तय किए जाएंगे। अलाव के लिए वन निगम से जलाऊ लकड़ी खरीदने को कहा गया है। साथ ही प्रतिदिन अलाव स्थलों की जियो-टैग तस्वीरें निर्धारित प्रारूप में आपदा प्रबंधन कार्यालय को भेजनी होंगी।

अस्पतालों और रैन-बसेरों का संयुक्त निरीक्षण

डीएम ने चिकित्साधिकारियों, उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को चिह्नित अस्पतालों में तीमारदारों और जरूरतमंदों के लिए बने बहुउद्देशीय भवनों व रैन-बसेरों का संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाना और उनका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना है।

स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग को ठंड से बचाव के लिए लोगों तथा पशुओं के संबंध में एडवाइजरी जारी करने और क्या करें-क्या न करें से जुड़ी जानकारी का प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया।

कोहरे में सड़क हादसे रोकने के लिए रिफ्लेक्टर अनिवार्य

शीतकाल में कोहरे की आशंका को देखते हुए पुलिस, परिवहन विभाग और सिडकुल के क्षेत्रीय प्रबंधक को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए। मालवाहक वाहनों और गन्ना ढोने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में उच्च गुणवत्ता के रिफ्लेक्टर लगवाने को कहा गया है।

डीएम ने निजी और विभागीय वाहनों में फॉग लाइट व रिफ्लेक्टर तथा मोटरसाइकिल और साइकिल में रिफ्लेक्टर लगाने पर भी जोर दिया। पुलिस, प्रशासन और गन्ना विभाग को इस संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

फसलों, पेयजल और पर्यटकों की सुरक्षा पर भी ध्यान

मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि ठंड के दौरान शिक्षण संस्थानों में मौसम विभाग, जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन की ओर से जारी पूर्वानुमान एवं चेतावनियों का पालन कराया जाए।

जिला उद्यान अधिकारी को आलू, गोभी और टमाटर जैसी फसलों को शीतकाल के प्रभाव से बचाने के लिए समय-समय पर सिंचाई तथा आवश्यक जैविक और रासायनिक दवाओं के उपयोग के संबंध में कार्रवाई करने को कहा गया। जल संस्थान को गुणवत्तापूर्ण पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की जांच कर उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

जिला पर्यटन अधिकारी को पर्यटकों के लिए शीतकालीन एडवाइजरी जारी करने और जिले के सभी होटल स्वामियों की सूची आपदा प्रबंधन कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया। वहीं, पूर्ति विभाग को जरूरतमंदों के लिए भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

SDRF और NDRF को अलर्ट रहने के निर्देश

जिलाधिकारी ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस विभाग को शासन की ओर से जारी मौसम चेतावनियों के अनुसार अलर्ट मोड पर रहने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ शीतलहर से निपटने की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी पुष्कर लाल टम्टा, एआरटीओ नवीन कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी, डीपीआरओ विद्या सिंह सोमनाल, नगर पालिका ईओ आदिति जोशी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कुछ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त