**सीएम धामी ने लॉन्च किया ‘बेटा हिमालय का’ गीत, नए उत्तराखंड की विकास गाथा को मिला सुर**

देहरादून (देहरादून)। सत्य संवाद 24×7। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के विकास और प्रगति को समर्पित गीत ‘बेटा हिमालय का’ का विमोचन किया। टीम उत्तराधुन की ओर से तैयार इस गीत में नए उत्तराखंड की तस्वीर को गीत-संगीत और दृश्यात्मक प्रस्तुति के जरिए दर्शाया गया है। इसमें पर्यटन विस्तार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों, स्टार्टअप और नवाचार जैसे विषयों को प्रमुखता दी गई है।

विकास और नई संभावनाओं को गीत में मिली जगह

‘संकल्प नए उत्तराखण्ड का’ थीम पर आधारित इस गीत में प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता के साथ विभिन्न क्षेत्रों में हो रही प्रगति और विकास की संभावनाओं को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। गीत के माध्यम से राज्य की विकास यात्रा और सरकार की विभिन्न पहलों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

सीएम ने कलाकारों को दी बधाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गीत निर्माण से जुड़े कलाकारों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गीत-संगीत जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। इस तरह की रचनात्मक प्रस्तुतियां राज्य की विकास यात्रा, उपलब्धियों और संभावनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

महिला सशक्तीकरण और युवाओं के अवसरों पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास के साथ मातृशक्ति के सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की समृद्ध लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

गीत के विमोचन के साथ टीम उत्तराधुन की इस प्रस्तुति के जरिए उत्तराखंड की संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और विकास की संभावनाओं को सामने लाने का प्रयास किया गया है।

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त