देहरादून (देहरादून)। सत्य संवाद 24×7। बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की कथित चोरी और हेराफेरी के मामले में शासन ने कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी है। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय जांच समिति की 300 से अधिक पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट शासन को मिल गई है। धर्मस्व विभाग ने रिपोर्ट का परीक्षण शुरू कर दिया है। जांच में सामने आई अनियमितताओं और व्यवस्थागत कमियों के आधार पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जा सकती है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित हुई थी जांच समिति
बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की थाली भेंट और अन्य दानराशि में गड़बड़ी का मामला इसी वर्ष 2 जुलाई को सामने आया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित की गई थी। इसमें एनएचएम के मिशन निदेशक संदीप तिवारी और वित्त अधिकारी जगत सिंह चौहान को भी शामिल किया गया था।
समिति को चढ़ावे की कथित हेराफेरी की जांच के साथ मंदिर में दान प्रबंधन की मौजूदा व्यवस्था में सुधार के सुझाव देने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
20 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों के बयान दर्ज
करीब साढ़े चार से पांच महीने तक चली जांच के दौरान मंदिर समिति के 20 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए। समिति ने सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों, कर्मचारियों की ड्यूटी और आवाजाही से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की। इसके साथ ही चढ़ावे की गिनती से लेकर बैंक खाते में धनराशि जमा कराने तक की पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
रिपोर्ट में मंदिर समिति की आंतरिक व्यवस्था और निगरानी तंत्र में कई खामियां सामने आने की बात कही गई है।
जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका का होगा परीक्षण
रिपोर्ट मिलने के बाद धर्मस्व विभाग ने इसका विस्तृत अध्ययन शुरू कराया है। अधिकारियों को यह जांचने की जिम्मेदारी दी गई है कि चढ़ावे की गिनती, सुरक्षा, निगरानी, अभिलेखों के रखरखाव और बैंक में धनराशि जमा कराने की प्रक्रिया में कहां नियमों का पालन नहीं हुआ।
साथ ही यह भी देखा जाएगा कि किस स्तर पर निगरानी की जिम्मेदारी थी और किन अधिकारियों या कर्मचारियों की ओर से लापरवाही बरती गई। रिपोर्ट के परीक्षण के बाद संबंधित लोगों की भूमिका और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विभागीय कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार किया जा सकता है।
देश के 14 प्रमुख मंदिरों की व्यवस्थाओं का भी अध्ययन
जांच समिति ने बदरीनाथ धाम के साथ देश के 14 प्रमुख मंदिरों में चढ़ावे की गिनती, सुरक्षा और प्रबंधन की व्यवस्थाओं का भी अध्ययन किया। इनमें तिरुपति बालाजी, वैष्णो देवी, काशी विश्वनाथ, स्वर्ण मंदिर, अक्षरधाम, महाकालेश्वर और जगन्नाथपुरी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल हैं। इन मंदिरों में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं के आधार पर बदरीनाथ धाम के लिए सुधार के सुझाव तैयार किए गए हैं।
पारदर्शी व्यवस्था के लिए कई सुझाव
रिपोर्ट में चढ़ावे की गिनती को पारदर्शी बनाने के लिए कांच की दीवारों वाले विशेष कक्ष का सुझाव दिया गया है, ताकि पूरी प्रक्रिया बाहर से भी देखी जा सके। इसके अलावा गिनती कक्ष में 360 डिग्री सीसीटीवी कैमरे लगाने और कंट्रोल रूम से निगरानी करने की सिफारिश की गई है।
समिति ने गिनती में शामिल कर्मचारियों और स्वयंसेवकों की पहचान, ड्यूटी तथा आने-जाने का रिकॉर्ड रखने, बिना जेब वाले कपड़े पहनने और प्रवेश व निकास के समय तलाशी की व्यवस्था करने का सुझाव भी दिया है। नोटों की गिनती और छंटाई के लिए आधुनिक मशीनों, नकली नोटों की पहचान तथा बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में धनराशि जमा कराने पर भी जोर दिया गया है। सोने-चांदी और विदेशी मुद्रा के प्रबंधन के लिए अलग प्रक्रिया अपनाने की सिफारिश की गई है।
अब शासन के फैसले पर टिकी नजरें
जांच रिपोर्ट के अध्ययन के बाद फाइल उच्च स्तर पर भेजी जाएगी, जहां आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। शासन के सामने अब चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं में जिम्मेदारी तय करने के साथ भविष्य के लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की चुनौती है।
श्रद्धालुओं की ओर से अर्पित चढ़ावे की गिनती से लेकर बैंक में जमा होने तक हर चरण का रिकॉर्ड सुरक्षित और पारदर्शी रहे, जांच समिति के सुझावों का मुख्य उद्देश्य यही है।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
