हल्द्वानी (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। करोड़ों रुपये की कथित हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के मामले में आरोपी ज्योति सिंह मंगलवार को हल्द्वानी कोतवाली पहुंचीं। हाईकोर्ट से मिली गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक की अवधि समाप्त होने से ठीक पहले उनकी पुलिस के सामने मौजूदगी चर्चा का विषय बन गई। ज्योति सिंह अपने पक्ष का पत्र और दस्तावेज विवेचना में शामिल कराना चाहती थीं, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही साक्ष्य प्रस्तुत करने की बात कही।
दरअसल, शहर के एक कारोबारी को कथित तौर पर हनीट्रैप में फंसाकर पांच करोड़ रुपये नकद और करीब दो करोड़ रुपये कीमत के चार प्लॉट हड़पने के आरोप में ज्योति सिंह, मोहम्मद मुश्ताक समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि यह पूरा मामला करीब 11 वर्षों से चल रहा था। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गिरफ्तारी पर 25 नवंबर तक मिली है अंतरिम राहत
मुकदमा दर्ज होने के बाद मुख्य आरोपी ज्योति सिंह ने हाईकोर्ट का रुख किया था। अदालत से उन्हें 25 नवंबर तक गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक मिली थी। बुधवार को मामले में हाईकोर्ट में दोबारा सुनवाई होनी है। ऐसे में अदालत के अगले आदेश पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
कोतवाली के बाद पुलिस बहुउद्देशीय भवन पहुंचीं
मंगलवार को ज्योति सिंह एक पत्र लेकर पहले कोतवाली पहुंचीं और इसके बाद पुलिस बहुउद्देशीय भवन गईं। वह चाहती थीं कि उनके पत्र और दस्तावेजों को विवेचना का हिस्सा बनाया जाए। साथ ही उन्होंने पत्र की रिसीविंग देने की मांग भी की।
पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया कि विवेचक जब बयान दर्ज करने के लिए बुलाएंगे, उसी दौरान वह अपने पक्ष के साक्ष्य और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत कर सकती हैं।
पुलिस ने स्पष्ट की जांच की प्रक्रिया
बताया जा रहा है कि ज्योति सिंह दस्तावेज जमा कराने और उनकी रिसीविंग लेने पर जोर देती रहीं। इस पर पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विवेचना किसी आरोपी की सुविधा या उसके बताए तरीके से नहीं चलेगी। उन्हें विवेचक के बुलाने पर उपस्थित होकर अपने पक्ष के तथ्य और साक्ष्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत देने होंगे।
पांच आरोपियों के खिलाफ दर्ज है मुकदमा
पुलिस के अनुसार, इस मामले में ज्योति सिंह, मोहम्मद मुश्ताक समेत पांच लोगों के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 120बी, 34, 384, 387, 389 और 420 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।
अब हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई के बाद ही गिरफ्तारी पर मिली अंतरिम राहत को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। अदालत के आदेश के अनुसार पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
