रेशमबाड़ी में चाकुओं से हमला कर व्यक्ति की हत्या, न्याय की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे परिजन; दो आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। शहर के रेशमबाड़ी क्षेत्र में बीती रात चाकुओं से हमला कर लीलाधर की हत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना से आक्रोशित परिजन न्याय की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे और धरने पर बैठ गए। मामले की जानकारी मिलते ही विधायक शिव अरोरा भी कोतवाली पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

बाइक की चाबी को लेकर शुरू हुआ विवाद

परिजनों ने विधायक को बताया कि उनके परिवार का सदस्य मोटरसाइकिल से कुछ सामान लेने गया था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसकी बाइक की चाबी निकाल ली। जब उसने उनसे चाबी वापस मांगी तो उन्होंने चाबी देने से इनकार कर दिया, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हो गया। परिजनों के मुताबिक, इसके बाद करीब 8 से 10 लोग उनके घर पहुंच गए और परिवार पर चाकुओं से हमला कर दिया।

इस हमले में लीलाधर के भाई के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके पिता के मुंह पर भी चाकू से वार किया गया। वहीं लीलाधर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कोतवाली पहुंचकर विधायक ने पुलिस से की बातचीत

पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान विधायक शिव अरोरा ने भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद एसपी सिटी प्रमोद कुमार से पुलिस की कार्रवाई की जानकारी ली। एसपी सिटी ने परिजनों को आश्वस्त किया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

विधायक शिव अरोरा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा से भी फोन पर बातचीत कर घटना की गंभीरता से अवगत कराया। एसएसपी ने बताया कि पुलिस इस घटना को चुनौती के रूप में लेते हुए सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।

आपराधिक इतिहास वाले आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि जानकारी में आया है कि घटना में शामिल कुछ आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और कुछ लोग पुराने मामलों में जमानत पर बाहर आए हुए थे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के आपराधिक इतिहास को ध्यान में रखते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। रुद्रपुर में इस तरह की वारदात को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह हर स्तर पर पुलिस और प्रशासन से पैरवी करेंगे।

उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वह उनके साथ खड़े हैं और घटना में शामिल सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

इस दौरान पार्षद महेंद्री शर्मा, एसपी यादव, प्रमोद मित्तल, मानव कक्कड़ सहित पुलिस अधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त