भाजपा की संकुल कार्यशाला में जनकल्याणकारी योजनाओं पर मंथन, पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने का संकल्प

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कार्यकर्ताओं से किया आह्वान, संगठन की मजबूती और जनसेवा को बताया प्राथमिकता

रुद्रपुर, सत्य संवाद 24×7। भारतीय जनता पार्टी, जिला उधम सिंह नगर के जिला प्रकोष्ठों की संकुल कार्यशाला सोमवार को रुद्रपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित की गई। कार्यशाला में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ।

Advertisement

कार्यशाला में भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और जरूरतमंद लोगों को सरकारी सुविधाओं से लाभान्वित करना है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच सक्रिय रहकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दें, पात्र लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया में मार्गदर्शन प्रदान करें और यह सुनिश्चित करने का प्रयास करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने जनसेवा के माध्यम से संगठन की पहुंच और विश्वसनीयता को मजबूत बनाने पर भी बल दिया।

प्रकोष्ठों की सक्रियता से मजबूत होगा संगठन

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल ने सभी प्रकोष्ठों के संयोजकों और सह-संयोजकों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन की गतिविधियों को प्रभावी बनाने में प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पदाधिकारियों से अपने-अपने दायित्वों का निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा संगठनात्मक कार्यों को गति देने का आह्वान किया।

वहीं, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी ने संगठन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना चाहिए, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे और जरूरतमंद लोग उनका लाभ उठा सकें।

संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा

कार्यशाला के दौरान जिला प्रकोष्ठों की जिम्मेदारियों, संगठनात्मक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों से अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने और जनसेवा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की अपील की गई।

कार्यक्रम में प्रदेश सह-संयोजक खूब सिंह विकल, दर्जा धारी गंभीर सिंह धामी, जिला प्रकोष्ठ संयोजक राजेश तिवारी, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोरा और दर्जा राज्य मंत्री सुरेश कोहली सहित प्रकोष्ठों के जिला एवं मंडल संयोजक, सह-संयोजक तथा पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यशाला के समापन पर कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया गया।

सत्य संवाद 24×7