खटीमा (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। खटीमा के आठ बाल वैज्ञानिकों ने अपनी प्रतिभा और शोधपरक सोच के दम पर जिले का मान बढ़ाया है। 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित इन विद्यार्थियों को अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता का आयोजन खटीमा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (केआईटीएम) में किया गया, जहां जिलेभर से पंजीकृत 308 शोध परियोजनाओं में से चयनित 60 परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण हुआ।
वैज्ञानिक परियोजनाओं के जरिए विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता केआईटीएम के प्रबंध निदेशक कमल बिष्ट ने की। उद्घाटन सत्र में जिला समन्वयक नरेंद्र सिंह रौतेला ने राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के उद्देश्य, आयोजन प्रक्रिया और वैज्ञानिक गतिविधियों की जानकारी दी। जिला अकादमिक समन्वयक निर्मल कुमार न्योलिया ने विद्यार्थियों और मार्गदर्शक शिक्षकों को मूल्यांकन प्रक्रिया से अवगत कराया।
विद्यार्थियों ने चार्ट, पीपीटी और शोध फाइलों के माध्यम से स्थानीय समस्याओं को प्रस्तुत करते हुए उनके वैज्ञानिक समाधान और नवाचार आधारित प्रयास बताए। परियोजनाओं का मूल्यांकन निर्णायक मंडल के सदस्य धर्मेंद्र कापड़ी, सुमित पांडेय, विनय जोशी, हर्षित सामंत, प्रीति जोशी और प्रशांत राणा ने किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित आठ बाल वैज्ञानिक
जूनियर वर्ग:
- अक्षत गंगवार – नोजगे पब्लिक स्कूल, नानकमत्ता
- पियूष पल्याल – नानकमत्ता पब्लिक स्कूल, नानकमत्ता
- कंचन लोहनी – डायनेस्टी मॉडर्न गुरुकुल अकादमी, छिनकी
- तनिष्क शर्मा – पीएम श्री अटल उत्कृष्ट ए.एन. झा राजकीय इंटर कॉलेज, रुद्रपुर
सीनियर वर्ग:
- नेहा भंडारी – नानकमत्ता पब्लिक स्कूल, नानकमत्ता
- अंशिका जयाल – एस.एम.एस. दत्ता मेमो नोसगे पब्लिक स्कूल, चारूबेटा
- भूमिका वत्सल – राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, खटीमा
- अर्पिता यादव – नानकमत्ता पब्लिक स्कूल, नानकमत्ता
1 से 3 दिसंबर तक हल्द्वानी में होगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
चयनित आठों बाल वैज्ञानिक राज्य स्तर पर अपनी शोध परियोजनाओं का प्रदर्शन करेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 1 से 3 दिसंबर 2026 तक हल्द्वानी स्थित एफटीआई में किया जाएगा।
कार्यक्रम में किरण मनीष कापड़ी, योगेंद्र सिंह, गीता गोस्वामी, राखी गुप्ता, निखिल सिंह राणा, रविंद्र सिंह, कमल कंसल और राणा कुमार शाह सहित मार्गदर्शक शिक्षक विजय चौबे, हेमा कापड़ी, बबीता सिंह और रागिनी समेत अनेक शिक्षक एवं बाल वैज्ञानिक उपस्थित रहे।
वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देना उद्देश्य
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करना है। इसके माध्यम से बच्चों को स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनके वैज्ञानिक समाधान खोजने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। खटीमा में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी परियोजनाओं के जरिए इसी सोच और रचनात्मकता का परिचय दिया।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
