रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। शहर के मुख्य बाजार में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान व्यापारियों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में महिला व्यापारियों और अन्य व्यापारियों ने अधिशासी अभियंता के.के. पंत का घेराव कर विद्युत आपूर्ति सुचारु करने की मांग उठाई। व्यापारियों ने बताया कि शादी के सीजन में लंबे समय तक बिजली गुल रहने से बुटीक और ब्यूटी पार्लर का कारोबार प्रभावित हो रहा है।
सात घंटे की कटौती से महिला व्यापारियों को परेशानी
महिला व्यापारियों ने बताया कि इन दिनों शादियों का सीजन चल रहा है। ऐसे में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली कटौती होने से बुटीक संचालिकाओं को ग्राहकों के कपड़ों की सिलाई समय पर पूरी करने में दिक्कत आ रही है। वहीं, ब्यूटी पार्लर संचालिकाओं का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों के अनुसार, लगातार बिजली गुल रहने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पोल शिफ्टिंग और पेड़ों की कटाई से प्रभावित है आपूर्ति
व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि काशीपुर बाईपास पर विद्युत पोलों की शिफ्टिंग और पेड़ों की कटाई के चलते मुख्य बाजार में दिनभर बिजली बाधित रहती है। इससे दुकानदारों के कारोबार के साथ ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है। उन्होंने विभाग से बाजार की बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की।
बाजार को अलग-अलग पॉकेट में बांटकर होगी कटौती
व्यापारियों की समस्या सुनने के बाद अधिशासी अभियंता के.के. पंत ने आश्वासन दिया कि विद्युत विभाग ऐसी कार्ययोजना तैयार करेगा, जिससे पूरे बाजार की बिजली एक साथ बंद न करनी पड़े। इसके लिए बाजार को अलग-अलग पॉकेट में बांटकर चरणबद्ध तरीके से बिजली कटौती की जाएगी। इससे प्रतिदिन पूरे बाजार की विद्युत आपूर्ति बाधित होने से बच सकेगी और व्यापारिक गतिविधियां जारी रखने में मदद मिलेगी।
ये व्यापारी रहे मौजूद
घेराव के दौरान पवनदीप कौर, कुलदीप कौर, प्रीत कौर, पार्षद सौरभ राज बेहड़, विक्की सम्राट, पारस हसीजा, अमित अरोरा, राजकुमार सिकरी, राजेंद्र मिश्रा, गौरव गांधी, हेमंत कुमार, मोहन कुमार और महबूब अंसारी सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
