हल्द्वानी (नैनीताल)। सत्य संवाद 24×7। नैनीताल जनपद को नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मिल गया है। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने 27 नवंबर 2026 को काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कार्यभार ग्रहण किया। पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचने पर सलामी गार्द ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद नैनीताल पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
GRP से SDRF तक संभाल चुके हैं अहम जिम्मेदारियां
अर्पण यदुवंशी अपने सेवाकाल में पुलिस अधीक्षक रेलवे (GRP), पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी और सेनानायक राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। रेलवे में तैनाती के दौरान उन्होंने स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली।
उत्तरकाशी में करीब ढाई वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का संचालन किया। इसी दौरान सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान में घटना कमांडर के रूप में उन्होंने विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय कर सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
धराली आपदा में 1,386 लोगों का रेस्क्यू
सेनानायक SDRF के रूप में लगभग दो वर्ष तक जिम्मेदारी संभालने के दौरान उन्होंने कई बड़े अभियानों का नेतृत्व किया। प्रयागराज महाकुंभ 2025 में एक माह तक SDRF की तैनाती और संचालन की जिम्मेदारी संभाली। वहीं, अगस्त 2025 में धराली आपदा के दौरान उनके नेतृत्व में 1,386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया और करीब 17 हजार लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया।
उनके कार्यकाल में SDRF उत्तराखंड को ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ। इसके अलावा आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति लगभग 1.80 लाख लोगों को जागरूक करने का अभियान भी संचालित किया गया।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी किया प्रतिनिधित्व
अर्पण यदुवंशी ने BRICS आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। सिलक्यारा बचाव अभियान के अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करने के साथ उन्होंने राष्ट्रीय लोक प्रशासन संस्थान (NCGG), लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) और सरदार पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आपदा प्रबंधन से जुड़े विषयों पर व्याख्यान भी दिए हैं।
कई प्रतिष्ठित सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित
सेवाकाल के दौरान उनके योगदान के लिए उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) से प्रशस्ति सहित पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर जैसे सम्मान प्राप्त हुए हैं।
अर्पण यदुवंशी के अनुभव और विभिन्न महत्वपूर्ण अभियानों में निभाई गई भूमिकाओं को देखते हुए अब नैनीताल जनपद में उनके नेतृत्व में पुलिस व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान रहेगा।
न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
