बागेश्वर में खूनी रिश्ते का खौफनाक अंत! भतीजे ने चाचा-चाची को रॉड से मार डाला, बहू पर भी किया जानलेवा हमला

बागेश्वर। सत्य संवाद 24×7। बागेश्वर जिले के गरुड़ क्षेत्र के नरगोडी गांव में एक ही परिवार के भीतर हुई हिंसक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि गोविंद बल्लभ खोलिया ने अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर उनकी जान ले ली। इस दौरान परिवार की एक अन्य महिला दर्शनी देवी भी हमले की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान आरोपी ने घर के ऊपरी कमरे में मौजूद भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला किया। इसके बाद वह नीचे के कमरे में पहुंचा और वहां मौजूद पूरन चंद्र खोलिया पर भी कई वार किए। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

Advertisement

बचाने आई महिला को भी बनाया निशाना

घर में चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसी दौरान पूरन चंद्र की बहू दर्शनी देवी ने बीच-बचाव कर दोनों को बचाने की कोशिश की। आरोप है कि आरोपी ने उस पर भी लोहे की रॉड से तीन-चार वार कर दिए। अपनी और बच्ची की जान बचाने के लिए दर्शनी एक कमरे में बंद हो गई और अंदर से कुंडी लगा ली। बाद में वह किसी तरह वहां से बाहर निकलने में सफल रही।

ग्रामीणों की सहायता से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने पूरन चंद्र और भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दर्शनी देवी का उपचार जारी है।

वारदात के बाद आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित किए जाने की जानकारी है। पुलिस आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रही है।

पहले भी परिवार में विवाद होने की चर्चा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी शराब पीने के बाद अक्सर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करता था। इसको लेकर परिवार के लोग पहले भी परेशान थे। बताया जा रहा है कि करीब पांच-छह महीने पहले आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत भी की गई थी, हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। घटना से एक दिन पहले भी उसके व्यवहार को लेकर शिकायत किए जाने की बात सामने आई है।

फिलहाल इस दोहरे हत्याकांड के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या और महिला पर हमले की घटना से नरगोडी गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

सत्य संवाद 24×7/सच के साथ, हर वक्त