हल्द्वानी में विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, 1068 पोलिंग बूथों के लिए EVM की जांच शुरू

हल्द्वानी, सत्य संवाद 24×7।उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत नैनीताल जिले में निर्वाचन विभाग ने ईवीएम (EVM) की जांच का काम शुरू कर दिया है। जिले के 1068 पोलिंग बूथों के लिए बैलट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट मशीनों का परीक्षण किया जा रहा है।

हल्द्वानी की सरस मार्केट स्थित स्ट्रांग रूम में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह प्रक्रिया चल रही है। परीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद हैं। वहीं, भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के इंजीनियर मशीनों की जांच कर रहे हैं। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है।

Advertisement

खराब मशीनों को किया जाएगा बदला

अपर जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने बताया कि ईवीएम परीक्षण के दौरान जो मशीनें खराब पाई जाएंगी, उन्हें बदला जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में 1541 वैलिड यूनिट, 2716 कंट्रोल यूनिट और 224 वीवीपैट मशीनें उपलब्ध हैं।

करीब 10 दिन तक चलेगा परीक्षण

निर्वाचन विभाग के अनुसार, ईवीएम की जांच की प्रक्रिया लगभग 10 दिन तक जारी रहने की संभावना है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मशीनों की कार्यक्षमता सुनिश्चित करना और चुनाव संबंधी तैयारियों को समय रहते पूरा करना है।

सत्य संवाद 24×7