कोहरे से पहले सड़क सुरक्षा की तैयारी तेज, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर कार्रवाई के निर्देश; गन्ना ट्रॉलियों पर लगेंगे रिफ्लेक्टर

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7। सर्दियों में कोहरे के दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेते हुए ओवरलोडिंग, भारी वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क किनारे मौजूद अनाधिकृत कट बंद कराने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर जरूरी सुरक्षा इंतजाम करने पर भी जोर दिया।

कोहरे में दुर्घटनाएं रोकने के लिए लगेंगे साइन बोर्ड

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) और एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोहरे के मौसम को देखते हुए सड़कों पर पर्याप्त साइन बोर्ड लगाए जाएं। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों से जुड़ने वाली सड़कों पर स्पीड साइन बोर्ड लगाने के साथ आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर भी बनाए जाएं। उन्होंने अनाधिकृत कटों का निरीक्षण कर उन्हें बंद करने के निर्देश भी दिए।

गन्ना ट्रॉलियों पर लाल कपड़ा और रिफ्लेक्टर लगवाने के निर्देश

गन्ना सीजन में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही बढ़ने को देखते हुए जिलाधिकारी ने गन्ना विभाग को किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि गन्ने से भरी ट्रॉलियों के पीछे लाल कपड़ा या रिफ्लेक्टर लगाया जाए, ताकि कोहरे और कम रोशनी में भी दूर से उनकी पहचान हो सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।

गलत दिशा और नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी सख्ती

पुलिस अधिकारियों को गलत दिशा में वाहन चलाने वालों और मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने वालों की सख्ती से जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाने और ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ आदेश का पालन सुनिश्चित कराने को भी कहा गया। इसके साथ ही शैक्षणिक संस्थानों में सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देने के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।

अनाधिकृत ई-रिक्शा और निराश्रित पशुओं पर भी ध्यान

जिलाधिकारी ने कहा कि अत्यधिक ई-रिक्शा संचालन से शहर में जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती है। ऐसे में अनाधिकृत ई-रिक्शा का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित पशुओं को निकायों के माध्यम से शेल्टर में पहुंचाने और उनके गले में रिफ्लेक्टर पट्टी लगाने के निर्देश भी दिए।

ओवरसाइज वाहनों की सूची एआरटीओ को देंगे टोल प्लाजा

एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि टोल प्लाजा से गुजरने वाले ओवरसाइज वाहनों का विवरण एकत्र कर उसकी सूची एआरटीओ को उपलब्ध कराई जाए, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

बैठक में अधीक्षण अभियंता लोनिवि जितेन्द्र कुमार, एसपी अनुषा बडोला, अधिशासी अभियंता लोनिवि गजेन्द्र सिंह, परवेज आलम, एआरटीओ नवीन कुमार सिंह, अलविन राय तथा एनएचएआई के सोनू गुप्ता, पवन कुमार सिंह और मोहित कुशवाहा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

न्यूज़ रिपोर्टर: शरद पांडेय

सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त