सत्य संवाद 24×7। मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना ने डिजिटल दुनिया में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वह दुनिया भर में अपने यूट्यूब चैनल पर 10 लाख पेड मेंबर्स का आंकड़ा पार करने वाले पहले क्रिएटर बन गए हैं। यूट्यूब ने गूगल इंडिया ब्लॉग के माध्यम से इस उपलब्धि की पुष्टि की है। इस रिकॉर्ड के साथ समय रैना ने वैश्विक क्रिएटर कम्युनिटी में अपनी अलग पहचान बनाई है।
यूट्यूब ने भी की उपलब्धि की पुष्टि
गूगल इंडिया ब्लॉग पर जारी जानकारी में यूट्यूब ने बताया कि समय रैना ने अपने कंटेंट के जरिए बड़ी संख्या में दर्शकों को एक सक्रिय कम्युनिटी के रूप में जोड़ा है। शतरंज से जुड़े वीडियो, ग्रैंडमास्टर्स के साथ बातचीत और कॉमेडी शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के जरिए उन्होंने दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बनाई।
यूट्यूब के मुताबिक, रैना का चैनल लाखों प्रशंसकों के लिए ऐसा ऑनलाइन मंच बन गया है, जहां वे उनके कंटेंट से लगातार जुड़ते हैं।
तीन पेड मेंबरशिप विकल्पों से जुड़ रहे प्रशंसक
समय रैना के चैनल पर प्रशंसकों के लिए तीन पेड मेंबरशिप टियर उपलब्ध हैं। इनमें ‘समय के दोस्त’ की कीमत 59 रुपये प्रति माह, ‘समय के खास’ की 599 रुपये प्रति माह और ‘साइलेंट सपोर्टर’ की 1,999 रुपये प्रति माह है।
यूट्यूब के अनुसार, भारत में भी चैनल मेंबरशिप का चलन बढ़ रहा है। जून 2026 में देश में 12 लाख से अधिक प्रशंसकों ने कम से कम एक चैनल की मेंबरशिप खरीदी। इसी अवधि में भारतीय क्रिएटर्स की मेंबरशिप से होने वाली आय में सालाना आधार पर 25 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई।
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के बाद बड़ी वापसी
समय रैना के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि फरवरी 2025 में ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ से जुड़े विवाद के बाद उनके करियर को मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा था। शो के एक एपिसोड में यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया की टिप्पणी पर विवाद हुआ था। इसके बाद समय रैना, अल्लाहबादिया और शो से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज हुईं। विवाद बढ़ने पर रैना ने अपने यूट्यूब चैनल से शो के सभी एपिसोड हटा दिए थे।
‘स्टील अलाइव’ से की वापसी
विवाद के बाद समय रैना ने अपने स्टैंड-अप स्पेशल ‘स्टील अलाइव’ के जरिए वापसी की। इसके बाद 2026 में नेटफ्लिक्स के साथ साझेदारी में ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का दूसरा सीजन भी सामने आया।
रैना ने शो के दूसरे सीजन के फिनाले में अपने मुश्किल दौर का जिक्र करते हुए बताया था कि कनाडा में रहने के दौरान वह अपने शो की वापसी को लेकर अनिश्चित थे। उन्होंने इस दौरान ChatGPT से भी पूछा था कि उनका शो दोबारा कब शुरू हो पाएगा।
12.4 मिलियन से अधिक सब्सक्राइबर
समय रैना के यूट्यूब चैनल पर 1.24 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर हैं। अब 10 लाख पेड मेंबर्स का आंकड़ा पार करना उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यह रिकॉर्ड दर्शाता है कि दर्शक केवल उनके वीडियो देख ही नहीं रहे, बल्कि चैनल की सदस्यता लेकर भी उनका समर्थन कर रहे हैं।
सत्य संवाद 24×7
सच के साथ, हर वक्त
