चालान नहीं, हेलमेट देकर एसएसपी अजय गणपति ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, त्रिशूल चौक पर वाहन चालकों को किया जागरूक

रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। सत्य संवाद 24×7।रुद्रपुर। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में विशेष सड़क सुरक्षा जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत एसएसपी अजय गणपति ने रुद्रपुर के त्रिशूल चौक पर स्वयं वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।

इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों को चालान करने के बजाय हेलमेट भेंट कर उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकना रहा।

बिना हेलमेट वालों को चालान की जगह दिया हेलमेट

अभियान के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने स्वयं वाहन चालकों से संवाद किया और उन्हें हेलमेट के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को बताया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।

उन्होंने विशेष रूप से दोपहिया वाहन चलाने वाले चालक के साथ पीछे बैठने वाली सवारी को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया।

हेलमेट पहनना अपनी और परिवार की सुरक्षा

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है। हेलमेट स्वयं के साथ-साथ परिवार की सुरक्षा का महत्वपूर्ण कवच है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं हेलमेट पहनें और पीछे बैठने वाली सवारी को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा वाहन चलाते समय यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार रहें।

वाहन चालकों को दिलाया यातायात नियमों के पालन का संकल्प

कार्यक्रम के अंत में वाहन चालकों एवं उपस्थित लोगों को नियमित रूप से हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से सड़क सुरक्षा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील भी की।

ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने तथा जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं।

ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर श्री प्रमोद कुमार, पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात श्रीमती अनुषा बड़ोला, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर, यातायात निरीक्षक रुद्रपुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

सत्य संवाद 24×7

सच के साथ, हर वक्त