हल्द्वानी में बेकाबू कार के पलटने से तीन नाबालिगों की मौत, चौथी किशोरी का अस्पताल में उपचार जारी; हादसे ने सड़क सुरक्षा पर खड़े किए गंभीर सवाल

हल्द्वानी/लालकुआं ,सत्य संवाद 24×7। हल्द्वानी के निकट तीनपानी फ्लाईओवर पर हुए भीषण सड़क हादसे में घायल तीसरे किशोर प्रांजल माउड़ी की भी शनिवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार शाम हुए इस दर्दनाक हादसे में पहले ही दो किशोरों की जान चली गई थी। तीन किशोरों की मौत से तीन परिवारों में मातम पसरा हुआ है, जबकि हादसे में घायल चौथी किशोरी का अस्पताल में उपचार जारी है।

बेकाबू कार डिवाइडर से टकराकर पलटी

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम कार संख्या UK 02 A 2544 में चार नाबालिग सवार थे। तीनपानी फ्लाईओवर पर पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद कार सड़क पर काफी दूर तक घिसटती हुई डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार बच्चे अंदर फंस गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लोगों की सहायता से कार में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दो किशोरों को मृत घोषित कर दिया था, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रांजल का उपचार चल रहा था। शनिवार को प्रांजल ने भी दम तोड़ दिया।

उत्कर्ष और सिद्धांत की शुक्रवार को हुई थी मौत

इस हादसे में जान गंवाने वालों में ऊंचापुल, हल्द्वानी निवासी 16 वर्षीय उत्कर्ष धपोला, पुत्र डॉ. शैलेन्द्र सिंह धपोला, और देवलचौड़ निवासी 17 वर्षीय सिद्धांत पाठक, पुत्र रवि मोहन पाठक शामिल थे। दोनों की शुक्रवार शाम ही मौत हो गई थी।

वहीं, श्याम विहार, भाजपा कार्यालय के निकट निवासी 16 वर्षीय प्रांजल माउड़ी, पुत्र डॉ. प्रेम सिंह माउड़ी, गंभीर रूप से घायल हो गया था। अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद शनिवार को उसकी भी मौत हो गई। प्रांजल कोचिंग में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।

हल्द्वानी कोतवाली पुलिस के अनुसार, तीसरे किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे में घायल 17 वर्षीय किशोरी का उपचार जारी है।

तीन परिवारों के सपने एक हादसे में बिखरे

हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। उत्कर्ष के पिता डॉ. शैलेन्द्र सिंह धपोला भीमताल स्थित डायट में शिक्षक के पद पर तैनात हैं। उत्कर्ष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

वहीं, सिद्धांत के पिता रवि मोहन पाठक रानीखेत में इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। तीसरे किशोर प्रांजल के पिता डॉ. प्रेम सिंह माउड़ी भी भीमताल डायट में तैनात हैं। जिन बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए परिवारों ने सपने संजोए थे, उन्हें खोने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नाबालिगों के वाहन चलाने पर उठे सवाल

इस हादसे का एक गंभीर पहलू यह है कि कार में चारों सवार नाबालिग थे। तीन किशोरों की मौत और एक किशोरी के घायल होने की घटना ने नाबालिगों के वाहन चलाने, अभिभावकों की जिम्मेदारी और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हालांकि, दुर्घटना के समय कार कौन चला रहा था, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन चालक की पहचान की जांच कर रही है।

तीनपानी फ्लाईओवर पर हुआ यह हादसा तीन परिवारों को जिंदगी भर का दर्द दे गया। घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार, यातायात नियमों के पालन और नाबालिगों के वाहन चलाने पर प्रभावी निगरानी की जरूरत को रेखांकित किया है। सत्य संवाद 24×7।