आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं का दिसंबर से बढ़ेगा मानदेय, मुख्यमंत्री धामी से मिलकर संगठनों ने जताया आभार

देहरादून। सत्य संवाद 24×7।देहरादून, 22 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आंगनबाड़ी संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखण्ड तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं भोजनमाताओं का दिसंबर 2026 से मानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

प्रतिनिधिमंडलों ने कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को आर्थिक संबल मिलेगा और उनका मनोबल भी बढ़ेगा। उन्होंने इसे महिला कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में उनकी सेवाएं अत्यंत सराहनीय हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके समर्पण और योगदान को देखते हुए सरकार उनके हितों के संरक्षण एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार का प्रयास है कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को बेहतर अवसर, सम्मान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सेवाभाव से महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को मजबूती मिल रही है।

ये पदाधिकारी रहे मौजूद

मुलाकात के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखण्ड की प्रांतीय महासचिव श्रीमती चित्रकला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी पंत एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष श्रीमती ज्योतिका पांडे उपस्थित रहीं।

वहीं उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री श्रीमती वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती भगवती बिष्ट एवं प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

मानदेय बढ़ाने की घोषणा को आंगनबाड़ी संगठनों ने कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं भोजनमाताओं के आर्थिक हितों और सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

सत्य संवाद 24×7

सच के साथ, हर वक्त